रायपुर। तीन दिवसीय दिल्ली दौरे से रायपुर लौटे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दौरे को छत्तीसगढ़ के विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ उनकी सार्थक बैठकें हुईं, जिनमें बस्तर के विकास, रेल परियोजनाओं, महानदी जल विवाद, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और विद्युतीकरण सहित कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के अनुसार केंद्र सरकार ने राज्य के कई प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाया है।
राष्ट्रपति ने किया बस्तर पंडुम विजेताओं का सम्मान
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति ने बस्तर पंडुम-2026 के विजेताओं का सम्मान किया, जो पूरे छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से बस्तर की जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
प्रधानमंत्री से बस्तर विकास और आयुर्वेद एम्स पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान उन्होंने नक्सल मुक्त हो रहे बस्तर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही दूरस्थ इलाकों में विद्युतीकरण के प्रस्ताव और प्रदेश में आयुर्वेद का एम्स स्थापित करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है।
जल्द होगा "लखपति दीदी सम्मेलन"
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में प्रदेश में "लखपति दीदी सम्मेलन" आयोजित करने की तैयारी की जा रही है, जिससे महिला स्व-सहायता समूहों को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।
महानदी जल विवाद पर तीन महीने में समाधान की उम्मीद
महानदी जल विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा हुई है। दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान निकालने पर सहमति बनी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले तीन महीनों के भीतर जल बंटवारे को लेकर ठोस निर्णय सामने आ सकता है।
रेल परियोजनाओं को लेकर मिली सकारात्मक पहल
रेल मंत्री के साथ बैठक का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि कटघोरा से डोंगरगढ़ रेल लाइन के निर्माण का रास्ता साफ हुआ है। इसके अलावा किरंदुल से बीजापुर रेल लाइन सहित प्रदेश की अन्य लंबित रेल परियोजनाओं पर भी सकारात्मक चर्चा हुई, जिससे बस्तर सहित कई क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी।
बस्तर में मोबाइल नेटवर्क और बिजली पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाएं मजबूत करने के लिए नए मोबाइल टावर लगाने पर केंद्र सरकार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि पहले ही 500 से अधिक मोबाइल टावरों की स्वीकृति मिल चुकी है। साथ ही बस्तर के 400 से अधिक गांवों में बिजली पहुंचाने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
रोजगार को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले के बाद महबूबा मुफ्ती और फारूक अब्दुल्ला के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रोजगार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत अभियान, श्रीराम परियोजनाओं और नई औद्योगिक नीति के माध्यम से प्रदेश में लगातार रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। ऐसे में प्रदेश में रोजगार नहीं होने का दावा पूरी तरह गलत और तथ्यहीन है।
कांग्रेस के आरोपों पर दिया जवाब
कांग्रेस द्वारा आतंकी घटनाओं को लेकर दिए जा रहे बयानों और साजिश संबंधी आरोपों पर मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी हर बात में साजिश ही दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपना नजरिया बदलने की जरूरत है और बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए।
जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले की निंदा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।