सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब कानूनी विवादों में घिर गई है। पार्टी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दाखिल की गई है, जिसमें संगठन की गतिविधियों और कथित फेक वकीलों की CBI जांच कराने की मांग की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि संगठन सुप्रीम कोर्ट की मौखिक टिप्पणियों का गलत इस्तेमाल कर व्यावसायिक लाभ उठा रहा है। इसी बीच पार्टी के फाउंडर Abhijeet Deepke ने दावा किया है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट फिर से एक्टिव हो गया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “हम वापस आ गए हैं, तुम भूल गए थे कि हम जिंदा रहने के लिए क्या कर सकते हैं।” पोस्ट के साथ उन्होंने कॉकरोच की तस्वीर भी शेयर की।
फॉलोअर्स को लेकर किरेन रिजिजू पर सवाल
अभिजीत दीपके ने X पर अपने फॉलोअर्स का डेटा शेयर करते हुए कहा कि उनके 94% से ज्यादा फॉलोअर्स भारत से हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री Kiren Rijiju पर निशाना साधते हुए पूछा कि भारतीय युवाओं को पाकिस्तानी क्यों बताया जा रहा है। दरअसल, रिजिजू ने बिना किसी का नाम लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि कुछ लोग पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस नेटवर्क से फॉलोअर्स जुटा रहे हैं। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर किसी संगठन का नाम नहीं लिया था।
वेबसाइट अभी भी बंद, फॉलोअर्स बढ़ते रहे
अभिजीत दीपके ने दावा किया कि उनकी पार्टी की वेबसाइट बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वेबसाइट पर 10 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था और 6 लाख लोगों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग वाली ऑनलाइन याचिका पर साइन किए थे। फिलहाल वेबसाइट ओपन नहीं हो रही है। वहीं, विवादों के बीच भी कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स तेजी से बढ़े हैं। रविवार तक पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2.27 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं।
AAP के लिए भी कर चुके हैं काम
30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले हैं और फिलहाल अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे पहले Aam Aadmi Party के सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट के तौर पर काम कर चुके हैं और दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान पार्टी के डिजिटल कैंपेन से जुड़े थे।