भोपाल/मुंबई: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दावा किया है कि उसका इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है। पार्टी ने शनिवार सुबह एक्स पर पोस्ट कर बताया कि फिलहाल वे अकाउंट एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं, हालांकि यूजर्स को अकाउंट दिखाई दे रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर पार्टी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ती नजर आ रही है।
इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ 17 लाख फॉलोअर्स
कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर फॉलोअर्स की संख्या बढ़कर 2 करोड़ 17 लाख पहुंच गई है। वहीं एक्स प्लेटफॉर्म पर भी पार्टी के करीब 1 लाख 94 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं।
संस्थापक अभिजीत दीपके को मिली धमकियां
पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को दावा किया था कि उन्हें व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकियां मिली हैं। उन्होंने कथित धमकियों के स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर शेयर किए थे।
NEET पेपर लीक को लेकर शुरू की ऑनलाइन पिटीशन
अभिजीत दीपके ने NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑनलाइन पिटीशन शुरू की है। शुक्रवार रात तक इस पिटीशन पर 4 लाख 86 हजार से ज्यादा लोग साइन कर चुके थे।
ट्रेडमार्क के लिए दाखिल हुए 3 आवेदन
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम को लेकर ट्रेडमार्क रजिस्ट्री में तीन अलग-अलग आवेदन दाखिल किए गए हैं। इनमें राजनीतिक और सामाजिक सेवाओं से जुड़ी श्रेणी में रजिस्ट्रेशन की मांग की गई है।
बेटे की लोकप्रियता से चिंतित परिवार
अभिजीत दीपके के माता-पिता ने एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि वे नहीं चाहते कि उनका बेटा राजनीति में जाए। पिता ने कहा कि मौजूदा माहौल को देखकर डर लगना स्वाभाविक है और उन्हें बेटे की सुरक्षा की चिंता सता रही है।