नई दिल्ली। CJI सूर्यकांत के कथित ‘कॉकरोच’ बयान के विरोध में बनाई गई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इंस्टाग्राम पर पार्टी के फॉलोअर्स कुछ ही दिनों में करोड़ों तक पहुंच गए, जबकि X पर भी लाखों लोग इससे जुड़ गए थे। हालांकि बाद में X ने पार्टी के अकाउंट को भारत में बैन कर दिया। महाराष्ट्र के अभिजीत दीपके द्वारा बनाई गई इस पार्टी ने युवाओं के बीच खुद को एक ‘डिजिटल विरोध आंदोलन’ के रूप में पेश किया है। पार्टी का नारा ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी’ रखा गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट, मीम्स और वीडियो के जरिए यह प्लेटफॉर्म खासतौर पर बेरोजगारी, सिस्टम और राजनीति को लेकर युवाओं की नाराजगी को आवाज देने का दावा कर रहा है।
6 दिन में करोड़ों तक पहुंचे फॉलोअर्स
कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट ने बेहद कम समय में बड़ी लोकप्रियता हासिल की। गुरुवार दोपहर तक इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स 1.23 करोड़ तक पहुंच गए। यह आंकड़ा कई बड़ी राजनीतिक पार्टियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स के बराबर माना जा रहा है। वहीं X (पूर्व ट्विटर) पर भी पार्टी के करीब 1.93 लाख फॉलोअर्स हो चुके थे, लेकिन बाद में प्लेटफॉर्म ने अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया। इसके बावजूद पार्टी से जुड़े कंटेंट और हैशटैग लगातार वायरल हो रहे हैं।
CJI के कथित बयान के बाद शुरू हुआ विवाद
दरअसल, 15 मई को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि CJI सूर्यकांत ने सुनवाई के दौरान कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवियों’ से की थी। इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर भारी प्रतिक्रिया देखने को मिली।हालांकि अगले ही दिन CJI ने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया था। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर बहस जारी रही और इसी बीच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से यह डिजिटल अभियान शुरू हो गया।
पार्टी की सदस्यता के लिए रखीं 4 शर्तें
कॉकरोच जनता पार्टी ने मजाकिया अंदाज में अपनी सदस्यता के लिए चार योग्यताएं भी जारी की हैं।
बेरोजगार होना
आलसी यानी ‘डले रहो, पड़े रहो’ वाली मानसिकता
हमेशा ऑनलाइन रहने की आदत
प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता
इन शर्तों को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर मीम्स और प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
पार्टी ने जारी किया अपना मैनिफेस्टो
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना एक ‘मैनिफेस्टो’ भी जारी किया है, जिसमें कई विवादित और चर्चित वादे शामिल हैं।
रिटायरमेंट के बाद किसी भी CJI को राज्यसभा भेजने का विरोध
वोट डिलीट होने पर चुनाव आयुक्त के खिलाफ सख्त कार्रवाई
महिलाओं को 50% आरक्षण
बड़े मीडिया संस्थानों के लाइसेंस रद्द करने की मांग
दलबदल करने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक
पार्टी के इन वादों पर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है।
कौन हैं पार्टी बनाने वाले अभिजीत दीपके?
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके महाराष्ट्र से हैं और अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन की पढ़ाई कर रहे हैं। वे 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर भी रह चुके हैं। अभिजीत ने एक इंटरव्यू में कहा कि सोशल मीडिया पर युवाओं की प्रतिक्रियाएं देखकर उन्हें लगा कि इस गुस्से को एक प्लेटफॉर्म दिया जाना चाहिए। इसके बाद उन्होंने CJP की शुरुआत की।
कॉकरोच कॉस्ट्यूम पहनकर किया प्रदर्शन
दिल्ली में कुछ समर्थक कॉकरोच की पोशाक पहनकर यमुना किनारे सफाई अभियान करते भी नजर आए। समर्थकों का कहना है कि उनका मकसद फिलहाल चुनाव लड़ना नहीं बल्कि युवाओं के बीच राजनीतिक जागरूकता और सिस्टम पर सवाल उठाने की बहस को बढ़ावा देना है।