नई दिल्ली: पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। पिछले 10 दिनों में तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ने के बाद विपक्ष ने सरकार पर तेल कंपनियों को फायदा पहुंचाने और जनता पर महंगाई का बोझ डालने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस बोली- ‘महंगाई मैन मोदी’
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “महंगाई मैन मोदी ने पेट्रोल-डीजल पर 9 दिन में 5 रुपए बढ़ा दिए। सरकार को सिर्फ तेल कंपनियों के फायदे की चिंता है, जबकि जनता लगातार महंगाई की मार झेल रही है।” पार्टी ने आरोप लगाया कि दुनियाभर की सरकारें अपनी जनता को राहत देने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन भारत में आम लोगों पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।
TMC ने भी केंद्र सरकार को घेरा
टीएमसी प्रवक्ता साकेत गोखले ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हर कुछ दिनों में ईंधन की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गिरते रुपए और आर्थिक हालात को संभालने में नाकाम रही है।
10 दिन में तीसरी बार बढ़े दाम
सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपए प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। इससे पहले 15 मई को ईंधन के दामों में 3 रुपए प्रति लीटर और 19 मई को करीब 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। पिछले 10 दिनों में कुल मिलाकर पेट्रोल-डीजल करीब 5 रुपए प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं।
पश्चिम एशिया संकट का असर
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ रहा है। हालांकि विपक्ष का आरोप है कि सरकार टैक्स कम कर आम जनता को राहत दे सकती है, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा।