नई दिल्ली। कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की अहम बैठक बुधवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में दोपहर 3 बजे होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में देश के मौजूदा राजनीतिक हालात, छात्रों से जुड़े मुद्दों और राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में राहुल गांधी, जयराम रमेश, के.सी. वेणुगोपाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसके अलावा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति की भी समीक्षा की जा सकती है।
छात्रों और राम मंदिर मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक CWC बैठक में छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर राजनीतिक दबाव बनाने की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।इसके साथ ही राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के आरोपों को लेकर भी सरकार और भाजपा को घेरने के तरीके पर विचार किया जा सकता है।
5 राज्यों के विधानसभा चुनावों पर भी मंथन
कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में अगले साल की शुरुआत में संभावित विधानसभा चुनावों की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी।पंजाब, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। ऐसे में कांग्रेस इन राज्यों में संगठन की स्थिति, चुनावी तैयारियों और राजनीतिक रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा कर सकती है।
CWC बैठक में आगे की राजनीतिक रणनीति पर नजर
कांग्रेस की शीर्ष निर्णय लेने वाली संस्था CWC की यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब पार्टी कई राष्ट्रीय और राज्यों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है।बैठक में राजनीतिक मुद्दों के साथ आगामी चुनावों की रणनीति और संसद में सरकार के खिलाफ उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर भी पार्टी का रुख स्पष्ट होने की उम्मीद है।