नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आम जनता को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। शनिवार को सीएनजी की कीमतों में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी गई। नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली में सीएनजी का दाम 81.09 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है।
10 दिन में तीसरी बार बढ़े दाम
पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब सीएनजी की कीमतों में इजाफा किया गया है। इससे पहले 15 मई को 2 रुपये प्रति किलो और 17 मई को 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ रही कीमतों से वाहन चालकों और आम लोगों की जेब पर असर पड़ रहा है।
पेट्रोल-डीजल भी हुए महंगे
सीएनजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी शनिवार को बढ़ोतरी दर्ज की गई। पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है।
दिल्ली में नए रेट क्या हैं?
नई बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। पिछले 10 दिनों में ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
बढ़ती महंगाई से जनता परेशान
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर रोजमर्रा के खर्च और परिवहन लागत पर भी दिखाई देने लगा है। सीएनजी महंगी होने से ऑटो, टैक्सी और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के किराए बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।