नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले राजधानी दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा गया है। 15 अगस्त को लेकर सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने मंगलवार देर रात राजधानी के अलग-अलग इलाकों में बड़ा सुरक्षा अभियान चलाया। रात 11 बजे से 2 बजे तक पुलिसकर्मियों ने विभिन्न जिलों में गश्त करने के साथ वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान प्रमुख सड़कों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई। संदिग्ध वाहनों और लोगों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए आने वाले दिनों में भी इस तरह की चेकिंग और पेट्रोलिंग जारी रहेगी।
द्वारका मोड़ पर आधी रात तक वाहनों की जांच
द्वारका मोड़ इलाके में पुलिसकर्मियों ने देर रात तक पेट्रोलिंग की। इस दौरान सड़क से गुजरने वाली गाड़ियों को रोककर उनकी जांच की गई। वाहनों के अंदर और बाहर दोनों तरफ से तलाशी ली गई।
जांच में संतोषजनक पाए जाने के बाद ही वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी गई। पुलिस का उद्देश्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते पकड़ना और स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है।
उत्तम नगर में भी हर वाहन पर नजर
उत्तम नगर में भी पुलिस टीमों ने देर रात सघन चेकिंग अभियान चलाया। मुख्य सड़कों से गुजरने वाले वाहनों को रोककर उनकी बारीकी से जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों और यात्रियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
सीलमपुर और मोती नगर में भी बढ़ी निगरानी
सीलमपुर इलाके में भी दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा अभियान चलाया। यहां संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच की गई। पुलिसकर्मियों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात कर इलाके की निगरानी बढ़ाई गई। वहीं पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पिकेट लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली कमान
पश्चिमी दिल्ली में चलाए गए अभियान की निगरानी डीसीपी वेस्ट हरेश्वर वी. स्वामी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और जवानों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
डीसीपी वेस्ट हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि दिल्ली पुलिस आयुक्त की ओर से राजधानी में लगातार पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत पश्चिमी दिल्ली में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को सड़कों पर उतारा गया।
15 अगस्त तक जारी रहेगा सुरक्षा अभियान
पुलिस के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ प्रमुख इलाकों, सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि 15 अगस्त तक ऐसे सुरक्षा अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि किसी भी संभावित खतरे को पहले ही रोका जा सके और राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।