नई दिल्ली - श्रावण मास के पावन अवसर पर 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्त हरिद्वार, गंगोत्री और गौमुख से गंगाजल लेकर दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान की ओर रवाना होंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 29 जुलाई से 12 अगस्त 2026 तक राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।
इन मार्गों पर रहेगा सबसे ज्यादा असर
कांवड़ यात्रा के दौरान जीटी रोड (अप्सरा बॉर्डर से यमुना ब्रिज), आशाराम त्यागी मार्ग (रोड नंबर-66), वजीराबाद रोड (भोपुरा बॉर्डर से सिग्नेचर ब्रिज), पुश्ता रोड (सोनिया विहार से वजीराबाद) और लोनी रोड (लोनी बॉर्डर से लोनी गोलचक्कर) पर ट्रैफिक सबसे अधिक प्रभावित रहेगा। इन मार्गों पर भारी भीड़ और डायवर्जन की संभावना है।
भारी वाहनों की नो-एंट्री
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 29 जुलाई से 12 अगस्त तक भारी मालवाहक वाहनों (HTVs) के प्रवेश पर कई मार्गों पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि डीटीसी और अन्य सिटी बसों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। भारी वाहनों को महाराजपुर बॉर्डर, अप्सरा/सीमापुरी बॉर्डर, डीएलएफ बॉर्डर, भोपुरा बॉर्डर, लोनी बॉर्डर, पुश्ता रोड और सोनिया विहार बॉर्डर से राजधानी में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को आउटर रिंग रोड, NH-9 और अन्य वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
9 अगस्त से जीटी रोड पूरी तरह बंद
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार 9 अगस्त सुबह 7 बजे से 12 अगस्त रात 8 बजे तक अप्सरा बॉर्डर से यमुना ब्रिज तक जीटी रोड सामान्य वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान आम लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों की एंट्री प्रतिबंधित
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों और कांवड़ वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित पारंपरिक कांवड़ मार्गों का ही उपयोग किया जाएगा।
यात्रियों के लिए पुलिस की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें, भीड़भाड़ वाले मार्गों से बचें और आवश्यकता होने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। इससे कांवड़ यात्रा भी सुचारु रूप से संचालित होगी और आम लोगों को भी कम परेशानी होगी।