नई दिल्ली - दिल्ली सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए बहुप्रतीक्षित 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' को कैबिनेट की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस योजना को हरी झंडी मिली। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2500 की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
CM रेखा गुप्ता ने कहा- वादा किया था, आज पूरा किया
कैबिनेट के फैसले के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह दिल्ली की महिलाओं के लिए बेहद खुशी का दिन है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं से किया गया वादा अब पूरा कर दिया गया है और कैबिनेट ने 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' को औपचारिक मंजूरी दे दी है।
1 अगस्त से खुलेगा पोर्टल, राखी तक पहली किस्त का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के लिए 1 अगस्त से ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा, जहां पात्र महिलाएं आवेदन कर सकेंगी। सरकार का लक्ष्य है कि आवेदनों का सत्यापन जल्द पूरा कर रक्षाबंधन तक पहली किस्त लाभार्थियों के बैंक खातों में भेज दी जाए।
योजना का लाभ लेने के लिए ये होंगी शर्तें
सरकार के अनुसार योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को कुछ आवश्यक पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी।
आवेदन के साथ स्व-घोषणा पत्र देना होगा।
महिला को कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली का निवासी होना होगा।
आवेदक के खिलाफ कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। रक्षाबंधन से पहले इस घोषणा से राजधानी की महिलाओं में उत्साह का माहौल है।