नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' का आधिकारिक पोर्टल लॉन्च कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को पूर्वी दिल्ली जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से योजना की शुरुआत की। इसके साथ ही पात्र महिलाओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
हर महीने मिलेगी ₹2,500 की आर्थिक सहायता
इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। सरकार ने इस राशि को दो हिस्सों में बांटा है। इसमें ₹1,000 डिजिटल वॉलेट करेंसी के रूप में दिए जाएंगे, जिससे महिलाएं अपनी दैनिक जरूरतों का खर्च उठा सकेंगी। वहीं ₹1,500 रिकरिंग डिपॉजिट (RD) में जमा किए जाएंगे, जिससे भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
17 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ
दिल्ली सरकार ने इस योजना के लिए ₹5,100 करोड़ का बजट निर्धारित किया है। सरकार का अनुमान है कि राजधानी की करीब 17 लाख पात्र महिलाओं को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा। इसे महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
ऑनलाइन ऐसे करें आवेदन
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र आवेदक आज से आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रखी गई है ताकि महिलाओं को बिना किसी परेशानी के योजना का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने जनता से किया गया एक और महत्वपूर्ण वादा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करेगी। सरकार भविष्य में भी महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए इसी तरह की योजनाएं लागू करती रहेगी।