IMD ने दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 26 और 27 मई को पूरे एनसीआर क्षेत्र में येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
26 और 27 मई को लू और तेज गर्म हवाओं का खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक 26 मई को दिनभर हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाएं चलेंगी, जिससे गर्मी का असर और अधिक महसूस होगा।
27 मई को भी मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इस दिन भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लू और तेज गर्म हवाओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने को कहा गया है।
28 मई से बदलेगा मौसम, बारिश और आंधी के आसार
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच 28 मई से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस दिन अधिकतम तापमान घटकर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और तूफानी हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने दोपहर और शाम के समय थंडर स्क्वॉल और हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है।
29 मई को तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना
29 मई को दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान गिरकर करीब 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने का अनुमान है।
इस दिन भी गरज-चमक, बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी।
30 और 31 मई को सुहावना रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 30 और 31 मई को मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा। इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। विभाग ने इन दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है, हालांकि हल्की बारिश और गरज के आसार बने रहेंगे।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और बदलते मौसमी सिस्टम के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा। फिलहाल अगले दो से तीन दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी और लू से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।