नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में गुरुवार को हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। कई इलाकों में तेज हवाओं और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के असर से देखा जा रहा है।
दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज दिल्ली में आंधी, बारिश और बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। विभाग ने बताया कि 31 मई तक मौसम का यह बदला हुआ मिजाज जारी रह सकता है।
यूपी के कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। बदायूं, झांसी समेत कई जिलों में गुरुवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
आईएमडी ने मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, सहारनपुर और शामली समेत करीब 60 जिलों में ओलावृष्टि और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी और मध्य यूपी के कई हिस्सों के साथ बुंदेलखंड क्षेत्र में भी ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी चेतावनी
मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी तेज बारिश, बिजली चमकने और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर बिहार और ओडिशा में भारी बारिश और तेज हवाएं जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं।
एमपी और राजस्थान में भी बारिश के आसार
मध्यप्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में भी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में गुरुवार को बारिश के साथ ओले भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार 31 मई तक कई इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रह सकता है।
उत्तराखंड और हिमाचल में भी मौसम अलर्ट
Uttarakhand और Himachal Pradesh में भी मौसम विभाग ने बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू और मंडी सहित कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।