नई दिल्ली - दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं, हालांकि बीच-बीच में धूप निकलने से उमस बनी रह सकती है।
बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के अनुसार सतर्क रहने की सलाह दी है।
तापमान रहेगा 35 डिग्री के आसपास
सोमवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहेगा। दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बीच-बीच में धूप निकलने से उमस महसूस हो सकती है।
अगले दो दिन भी ऐसा ही रहेगा मौसम
रविवार को दिनभर आसमान में बादलों और धूप का मिश्रित असर देखने को मिला। तेज धूप और नमी के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा, जबकि शाम के समय मौसम थोड़ा सुहावना हो गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक भी बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और बीच-बीच में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
दिल्ली की हवा 'मध्यम' श्रेणी में
सोमवार सुबह 10 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 101 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी वायु गुणवत्ता संतोषजनक से मध्यम श्रेणी के बीच बनी हुई है। फिलहाल इसमें किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।