नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश से राजधानी का मौसम सुहावना हो गया है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी करते हुए कई इलाकों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। गुरुवार को हुई बारिश के बाद राजधानी का तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली।
आज भी कई इलाकों में बारिश की संभावना
IMD के मुताबिक शुक्रवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। शाम और रात के समय भी बूंदाबांदी का दौर जारी रहने की संभावना है। आज अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 से 10 अगस्त तक भी दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी और तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
बारिश से कई इलाकों में जलभराव
लगातार बारिश के कारण राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कनॉट प्लेस, जनपथ, भारत मंडपम रोड, बाराखंबा रोड, आईटीओ, मथुरा रोड, कालिंदी कुंज, लाजपत नगर अंडरपास, कर्तव्य पथ, ग्रेटर कैलाश-2, हौज खास, आरके पुरम, एनएच-8, एम्स, एनएच-48, विकास मार्ग और लोधी रोड सहित कई स्थानों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा। जलभराव के कारण कई सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को कार्यालय पहुंचने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोगों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें। जलभराव वाले क्षेत्रों से बचें और खराब मौसम के दौरान आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।