दिल्ली सरकार ने राशन कार्ड धारकों और नए लाभार्थियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि अब 1.20 लाख रुपये तक सालाना आय वाले परिवार भी राशन कार्ड बनवा सकेंगे। इसके साथ ही सरकार ने 7 लाख 71 हजार 384 अपात्र लाभार्थियों के नाम सूची से हटाए हैं, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 13 वर्षों से राजधानी में नए राशन कार्ड नहीं बनाए गए थे, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे। अब सरकार ने पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाकर नए राशन कार्ड जारी करने की शुरुआत कर दी है।
ऑडिट में सामने आए लाखों अपात्र लाभार्थी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंत्योदय विजन के तहत किए गए ऑडिट में बड़ी संख्या में अपात्र लोग सामने आए। जांच में पाया गया कि करीब 1 लाख 44 हजार लोगों की आय निर्धारित सीमा से अधिक थी। इसके बाद सरकार ने 7.71 लाख अपात्र लाभार्थियों के नाम राशन सूची से हटाने का फैसला लिया। सरकार का कहना है कि इससे योग्य परिवारों को योजना का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
15 मई से शुरू हुए नए आवेदन
सरकार ने 15 मई से नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन पूरी तरह डिजिटल और बायोमेट्रिक आधारित होगा। राशन वितरण भी बायोमेट्रिक तरीके से किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और फर्जी लाभार्थियों पर रोक लग सके। लोग अपने घर के नजदीकी सुविधा केंद्रों पर जाकर भी आवेदन कर सकेंगे।
फूड सिक्योरिटी रूल 2013 पूरी तरह लागू
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में अब फूड सिक्योरिटी रूल 2013 को पूरी तरह लागू कर दिया गया है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और परिवार के सदस्यों की जानकारी देना अनिवार्य होगा। सरकार की ओर से जिला स्तर की समितियां पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगी।
आय सीमा बढ़ाने की तैयारी
सरकार ने राशन कार्ड के लिए वार्षिक आय सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.20 लाख रुपये कर दी है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि आने वाले समय में इसे बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये तक किया जा सकता है। वहीं खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ सही तरीके से पहुंचाना है।
ऑनलाइन आवेदन ऐसे करें
सरकार के मुताबिक लोग eDistrict Delhi Portal पर जाकर राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।