नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले दिल्ली में 13 अगस्त को लाल किले पर फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। इसके चलते दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी के कई हिस्सों के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 13 अगस्त की सुबह 4 बजे से 10 बजे तक लाल किले और आसपास के इलाकों में सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक इस दौरान केवल वैध लेबल वाले वाहनों को निर्धारित क्षेत्रों में आने-जाने की अनुमति होगी। ऐसे में 13 अगस्त को घर से निकलने से पहले वाहन चालकों के लिए रूट और डायवर्जन की जानकारी जानना बेहद जरूरी है।
इन सड़कों पर आम वाहनों की एंट्री बंद
सुबह 4 बजे से 10 बजे तक इन प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा—
- नेताजी सुभाष मार्ग
- लोथियन रोड
- एसपी मुखर्जी मार्ग
- चांदनी चौक रोड
- निषाद राज मार्ग
- एस्प्लेनेड रोड
- संबंधित लिंक रोड
राजघाट से ISBT के बीच रिंग रोड
जिन वाहन चालकों के पास रिहर्सल का पार्किंग लेबल नहीं है, उन्हें सी-हेक्सागन, इंडिया गेट, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, डब्ल्यू प्वाइंट, ए-प्वाइंट, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, जेएल नेहरू मार्ग और रिंग रोड के प्रभावित हिस्सों से बचने की सलाह दी गई है।
South Delhi से North Delhi जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते
दक्षिण दिल्ली से उत्तर दिल्ली जाने वाले वाहन चालक इन वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं—
अरविंदो मार्ग → सफदरजंग रोड → कमाल अतातुर्क मार्ग → कौटिल्य मार्ग → सरदार पटेल मार्ग → मदर टेरेसा क्रिसेंट → पार्क स्ट्रीट → मंदिर मार्ग → पंचकुइयां रोड।
वहीं कनॉट प्लेस की ओर से उत्तर दिल्ली जाने वाले वाहन मिंटो रोड, भवभूति मार्ग, अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्ग, लाहौरी गेट, नया स्ट्रीट, पीली कोठी और एसपी मुखर्जी मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
पूर्वी दिल्ली से आने वालों के लिए ये रूट बेहतर
पूर्वी दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन चालकों के लिए निजामुद्दीन खट्टा, बारापुला रोड, AIIMS फ्लाईओवर और रिंग रोड जैसे वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध रहेंगे।
ये प्रमुख रास्ते रहेंगे खुले
पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच यातायात को सुचारू रखने के लिए DND, NH-24, युधिष्ठिर सेतु, सिग्नेचर ब्रिज और वजीराबाद ब्रिज खुले रहेंगे।
हालांकि, ओल्ड आयरन ब्रिज और गीता कॉलोनी ब्रिज से शांति वन की ओर जाने वाला मार्ग बंद रहेगा।
निजामुद्दीन ब्रिज से यमुना पार करके पुश्ता रोड, GT रोड और युधिष्ठिर सेतु के रास्ते ISBT तक पहुंचा जा सकेगा।
12 अगस्त की रात से ही लागू होंगे कुछ प्रतिबंध
- ट्रैफिक व्यवस्था सिर्फ 13 अगस्त की सुबह से प्रभावित नहीं होगी। कुछ प्रतिबंध 12 अगस्त की आधी रात से ही लागू हो जाएंगे।
- 12 अगस्त रात 12 बजे से 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा से वजीराबाद ब्रिज के बीच मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
- इसके अलावा महाराणा प्रताप ISBT और सराय काले खां ISBT के बीच इंटरस्टेट बसों की आवाजाही भी इस अवधि में प्रतिबंधित रहेगी।
DTC और लोकल बसों के लिए भी बदलेगा रूट
स्थानीय बसों और DTC बसों को 12 अगस्त की आधी रात से 13 अगस्त सुबह 10 बजे तक ISBT कश्मीरी गेट और निजामुद्दीन खट्टा के बीच रिंग रोड पर चलने की अनुमति नहीं होगी।
लाल किला, जामा मस्जिद और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली कई बसों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। कुछ बसों को मोरी गेट, तुर्कमान गेट, जामा मस्जिद और तीस हजारी के आसपास रोका या वहीं समाप्त किया जा सकता है।
गाजियाबाद, धौला कुआं और फरीदाबाद से आने वाली बसों के लिए रूट
गाजियाबाद से आने वाली बसें:
भोपुरा चुंगी रोड → वजीराबाद रोड → चांदगी राम अखाड़ा → ISBT
धौला कुआं से आने वाली बसें:
रिंग रोड → पंजाबी बाग → आजादपुर → चांदगी राम अखाड़ा → ISBT
फरीदाबाद से आने वाली बसें:
बसों को सराय काले खां पर टर्मिनेट किया जा सकता है या रिंग रोड के जरिए ISBT की ओर भेजा जा सकता है।
13 अगस्त को घर से निकलने से पहले जरूर देखें रूट
फुल ड्रेस रिहर्सल के चलते दिल्ली के पुराने शहर, लाल किला, कश्मीरी गेट, राजघाट और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। वाहन चालकों को सलाह दी जाती है कि वे जरूरत होने पर ही प्रभावित इलाकों की ओर जाएं और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें।