नई दिल्ली। कांवड़ यात्रा के चलते दिल्ली में यातायात व्यवस्था पर असर पड़ना शुरू हो गया है। दिल्ली यातायात पुलिस ने रविवार को शाहदरा जीटी रोड को आम वाहन चालकों के लिए बंद कर दिया। अप्सरा बॉर्डर से कश्मीरी गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। यह व्यवस्था 12 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है। शाहदरा जीटी रोड बंद होने के बाद आनंद विहार, सीमापुरी, विवेक विहार, शाहदरा, वजीराबाद रोड, स्वामी दयानंद मार्ग और लोनी रोड समेत कई प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। हालात ऐसे रहे कि सामान्य तौर पर करीब पांच मिनट में पूरा होने वाला सफर करने में वाहन चालकों को आधे घंटे तक लग गया।
सोमवार को घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान
दिल्ली यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि सोमवार को घर से निकलने से पहले रूट की स्थिति जरूर जांच लें। शाहदरा जीटी रोड, कश्मीरी गेट से सीमापुरी और इससे जुड़ी लिंक सड़कों पर भारी जाम की आशंका है। ऐसे में इन इलाकों में जाने वाले यात्रियों के लिए मेट्रो को बेहतर विकल्प माना जा रहा है।
12 अगस्त तक इस रूट पर वाहनों की आवाजाही बंद
यातायात पुलिस के अनुसार अप्सरा बॉर्डर के गोलचक्कर को बंद कर दिया गया है। आनंद विहार और सीमापुरी की ओर से आने वाले वाहनों को जीटी रोड पर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। वाहनों को अंडरपास के रास्ते निकाला जा रहा है। वहीं, विवेक विहार और जगतपुरी से केशव चौक की ओर आने वाले वाहनों को भी जीटी रोड पर जाने से रोका जा रहा है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर रूट और ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें।
डाक कांवड़ियों की बढ़ती संख्या से बढ़ा दबाव
सोमवार सुबह शाहदरा जीटी रोड पर शुरुआत में वाहनों की आवाजाही जारी रही, लेकिन डाक कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ ट्रैफिक दबाव भी बढ़ता गया। कांवड़ियों के लिए अलग लेन निर्धारित होने के बावजूद कई जगह उनके सड़क के बीच में चलने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। गर्मी के बीच लंबा जाम लगने से वाहन चालक काफी देर तक सड़कों पर फंसे रहे। दोपहर बाद यातायात पुलिस ने स्थिति को देखते हुए इस मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी।
पिछले साल की परेशानी से लिया सबक
दिल्ली यातायात पुलिस ने पिछले वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान सामने आई समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस बार ट्रैफिक व्यवस्था में कुछ बदलाव किए हैं। 2025 में पहली बार शाहदरा जीटी रोड को कांवड़ यात्रा के दौरान बंद किया गया था, जिसके कारण यमुनापार के कई इलाकों में भारी जाम लगा था। इस बार जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक मार्गों पर भी व्यवस्था की गई है।
इन रास्तों से जा सकेंगे वाहन
- मौजपुर से गांधी नगर या पुरानी दिल्ली: धर्मपुरा होते हुए पुराने लोहे के पुल की ओर जा सकेंगे।
- शास्त्री पार्क से: गीता कॉलोनी और पुरानी दिल्ली की ओर जाने का विकल्प रहेगा।
- सीलमपुर और धर्मपुरा लालबत्ती: खुली रहेंगी।
- कश्मीरी गेट: शाहदरा जीटी रोड के इस रूट से नहीं जा सकेंगे।
मेट्रो से सफर करना रहेगा बेहतर विकल्प
कांवड़ यात्रा के दौरान शाहदरा जीटी रोड और आसपास की लिंक सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में आनंद विहार, सीमापुरी, विवेक विहार, शाहदरा और आसपास के क्षेत्रों से गुजरने वाले लोगों के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करना अधिक सुविधाजनक हो सकता है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।