नई दिल्ली - राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। दिन में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है, जबकि बीच-बीच में हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार (31 जुलाई) को दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। हालांकि बारिश के बावजूद उमस बनी रह सकती है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
IMD के मुताबिक राजधानी में दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी दर्ज की जा सकती है। आज अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि हल्की बारिश से गर्मी में कुछ राहत मिलेगी, लेकिन हवा में नमी अधिक रहने के कारण उमस पूरी तरह खत्म नहीं होगी।
पिछले 24 घंटे में बढ़ा तापमान
गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 67 से 91 प्रतिशत के बीच रहा। राजधानी के कई हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई, लेकिन तापमान में गिरावट के बजाय पिछले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।
तेज हवाएं भी चलीं
दिनभर दक्षिण-पूर्व दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। वहीं पालम इलाके में शाम के समय हवा की गति बढ़कर 37 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई।
अगले 5 दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार 1 अगस्त से 5 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम इसी तरह बना रहेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है। किसी बड़े मौसमीय बदलाव या अत्यधिक वर्षा की फिलहाल संभावना नहीं जताई गई है।
उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD ने दिल्ली के अलावा हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।