नई दिल्ली - बीजेपी सांसद कंगना रनौत के 'जेन-जी' को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी की मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने कंगना की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि फिल्म इंडस्ट्री से आने वाली एक सांसद से ऐसे असंवेदनशील बयान की उम्मीद नहीं थी।
डिंपल यादव ने क्या कहा?
डिंपल यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा, "दुख की बात है कि ऐसा बयान एक ऐसी सांसद ने दिया है जो फिल्म इंडस्ट्री से आती हैं और जिन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। हम ऐसे असंवेदनशील बयान की निंदा करते हैं।" उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं को संयमित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए और युवाओं के प्रति सम्मानजनक रवैया अपनाना चाहिए।
कंगना के बयान पर बढ़ा विवाद
दरअसल, जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन को लेकर कंगना रनौत ने प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधते हुए 'जेन-जी' को 'गटर जनरेशन' कहा था। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। CJP समेत कई संगठनों ने भी इस टिप्पणी पर आपत्ति जताई है।
PM मोदी पर टिप्पणी का भी किया जिक्र
कंगना रनौत ने अपने बयान में कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिसे उन्होंने गलत बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी छात्र आंदोलनों में हिस्सा लिया है, लेकिन इस तरह की भाषा स्वीकार्य नहीं हो सकती।
'माता-पिता पर बोझ नहीं बने'
कंगना ने आगे कहा कि अगर भविष्य में आंदोलनकारियों को कानूनी मदद की जरूरत पड़ी तो क्या उनके माता-पिता उसका खर्च उठा पाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने 16 साल की उम्र से अपना करियर बनाया और कभी अपने माता-पिता पर बोझ नहीं बनीं।