शिमला/नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकार और लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए लंबे समय से काम कर रहे डॉ. जोगिंदर हाब्बी को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में गुरुवार को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया।
डॉ. जोगिंदर हाब्बी को लोक नृत्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह पुरस्कार दिया गया है। वे पिछले करीब तीन दशकों से हिमाचल की समृद्ध लोक सांस्कृतिक विरासत, खासकर सिरमौर की हाटी संस्कृति और पारंपरिक लोक कलाओं के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया सम्मान
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कला और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया। इसी कार्यक्रम में डॉ. जोगिंदर हाब्बी को लोक नृत्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्रदान किया गया।राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान हिमाचल की लोक संस्कृति के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। डॉ. हाब्बी ने दशकों तक पारंपरिक लोक कलाओं को संरक्षित करने और उन्हें व्यापक मंच दिलाने का काम किया है।
तीन दशकों से सिरमौर की संस्कृति को सहेजने में जुटे
सिरमौर के राजगढ़ निवासी डॉ. जोगिंदर हाब्बी पिछले करीब तीन दशकों से हिमाचल की लोक सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सक्रिय हैं। उनका विशेष ध्यान सिरमौर की हाटी संस्कृति और उससे जुड़ी पारंपरिक कलाओं को बचाने पर रहा है।उनके नेतृत्व में सिरमौर के लोक कलाकारों ने देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ-साथ विदेशों में भी हजारों मंचों पर प्रस्तुतियां दीं। इससे सिरमौरी संस्कृति और नाटी जैसे पारंपरिक लोक नृत्यों को व्यापक पहचान मिली।
नाटी समेत कई लोक नृत्यों को मिली पहचान
डॉ. जोगिंदर हाब्बी ने सिरमौर की नाटी समेत कई पारंपरिक लोक नृत्यों और सांस्कृतिक विधाओं को देश-दुनिया के मंच तक पहुंचाने में योगदान दिया है।सिरमौरी लोक परंपरा के ठोडा, सिंहटू, ढढयाली और भारलतू जैसे लोक नृत्यों को भी व्यापक पहचान दिलाने में उनके प्रयास महत्वपूर्ण रहे हैं। इन कलाओं के संरक्षण से सिरमौर की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिली है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दी बधाई
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भी डॉ. जोगिंदर हाब्बी को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार मिलने पर बधाई दी।पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा देवभूमि हिमाचल स्थित सिरमौर के राजगढ़ निवासी एवं सुप्रसिद्ध लोक कलाकार डॉ. जोगेंद्र हाब्बी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी द्वारा ‘संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार’ से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक शुभकामनाएँ।
नाटी, ठोडा, सिंहटू, ढढयाली और भारलतू जैसे सिरमौरी लोक नृत्यों को देश के अलावा विदेशों में भी पहचान दिलाकर लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में उनका दशकों का समर्पण आज राष्ट्रीय सम्मान के रूप में अलंकृत हुआ है। हिमाचल की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और संवारने के लिए आपका हृदयतल से आभार।