पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित सेन मार्केट में व्यवसायी समिति पर कब्जे को लेकर रविवार को भारी तनाव फैल गया। व्यवसायी समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक होने का दावा करने वाले कुछ लोग समिति कार्यालय पहुंचे और कब्जे की कोशिश करने लगे। विरोध करने पर कारोबारियों और समिति पदाधिकारियों के साथ मारपीट की गई।
महासचिव सागर साहा पर हमले का आरोप
घटना के दौरान व्यवसायी समिति के महासचिव सागर साहा पर भी हमला किए जाने का आरोप लगा है। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर कोकओवन थाना पुलिस और केंद्रीय बल को बुलाना पड़ा।
हालात काबू करने के लिए लाठीचार्ज
बाजार इलाके में बढ़ती भीड़ और तनाव को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बल ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। घटना के बाद बाजार में दहशत का माहौल है।
अनिश्चितकाल के लिए बंद हुआ सेन मार्केट
व्यवसायी समिति ने माइकिंग कर घोषणा की कि आरोपियों की गिरफ्तारी तक सेन मार्केट अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेगा। इससे हजारों छोटे और बड़े व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
“व्यवसायी समिति कोई राजनीतिक संगठन नहीं”
महासचिव सागर साहा ने कहा कि व्यवसायी समिति किसी राजनीतिक दल से जुड़ी संस्था नहीं है और यहां सभी विचारधाराओं के लोग शामिल हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा के नाम पर कारोबारियों पर दबाव और हमला क्यों किया गया।
भाजपा विधायक ने तृणमूल समर्थकों पर लगाया आरोप
दुर्गापुर पश्चिम से भाजपा विधायक लक्ष्मण घोड़ुई ने दावा किया कि कुछ तृणमूल समर्थक रातोंरात भाजपा में शामिल होकर पार्टी की छवि खराब करने और इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
भाजपा के भीतर बढ़ी ‘नये बनाम पुराने’ कार्यकर्ताओं की बहस
घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भाजपा के अंदर ‘नये बनाम पुराने’ कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ते विवाद को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वहीं विपक्ष इसे “भेजाल भाजपा” का असर बताते हुए सरकार पर हमला बोल रहा है।