कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद पहली बार छुट्टियों की सूची में बड़ा संशोधन किया गया है। ईद की छुट्टियों को लेकर राज्य सरकार ने नई अधिसूचना जारी करते हुए पहले घोषित दो दिन की छुट्टी को बदल दिया है।
अब सिर्फ एक दिन की छुट्टी
पहले तृणमूल सरकार के दौरान ईद पर दो दिन (26 और 27 मई) की छुट्टी देने की परंपरा थी, लेकिन नई अधिसूचना के अनुसार इस वर्ष केवल 28 मई को ही सरकारी अवकाश रहेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पिछली अधिसूचना को रद्द कर दिया गया है और ईद अब 28 मई को मनाई जाएगी, इसलिए छुट्टी भी उसी दिन होगी।
केंद्र सरकार की घोषणा से पहले ही बदलाव
केंद्र सरकार पहले ही 28 मई को ईद के अवसर पर छुट्टी घोषित कर चुकी थी। इसके बाद राज्य सरकार ने अपनी सूची में संशोधन करते हुए इसे एक दिन तक सीमित कर दिया है।
सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारी तेज
सरकार की ओर से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि बकरीद के अवसर पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इसको लेकर राज्य के सभी पुलिस स्टेशनों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के आदेश दिए गए हैं।
ग्रीष्मकालीन अवकाश में भी बदलाव
इसी बीच राज्य सरकार ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि में भी संशोधन किया है। हाल ही में जारी निर्देशों के अनुसार गर्मी की छुट्टियों को बढ़ा दिया गया है ताकि स्कूल और प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।