फालता विधानसभा सीट पर पुनर्मतदान की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी बढ़त बना ली है। पांचवें राउंड की गिनती पूरी होने के बाद भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है, जहां भगवा अबीर उड़ाकर जश्न मनाया गया।
पांचवें राउंड तक भाजपा उम्मीदवार को कुल 30,562 वोट मिल चुके हैं। वहीं माकपा उम्मीदवार शंभुनाथ कुड़मी 16,048 वोट के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल रज्जाक मोल्ला को 3,513 वोट मिले हैं और वह तीसरे स्थान पर हैं। तृणमूल कांग्रेस के जहांगीर खान को अब तक केवल 1,685 वोट मिले हैं, जिससे वह चौथे स्थान पर बने हुए हैं।
चौथे राउंड तक भी भाजपा की मजबूत पकड़
चौथे राउंड की गिनती तक ही भाजपा उम्मीदवार ने करीब 25,438 वोट हासिल कर बड़ी बढ़त बना ली थी। माकपा दूसरे स्थान पर, जबकि कांग्रेस तीसरे स्थान पर बनी रही। तृणमूल लगातार पिछड़ती नजर आई।
डायमंड हार्बर महिला विश्वविद्यालय स्थित मतगणना केंद्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दूसरी ओर भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल है, जबकि तृणमूल खेमे में चुप्पी छाई हुई है।
तृणमूल को बड़ा झटका
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह परिणाम तृणमूल कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। खास बात यह है कि तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान ने पहले ही चुनाव प्रक्रिया से दूरी बना ली थी, लेकिन उनका नाम मतपत्र में रहने के कारण परिणामों में उनकी उपस्थिति दर्ज हुई।
शुरुआती रुझानों में ही साफ बढ़त
पहले राउंड से ही भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने बढ़त बना ली थी, जो हर राउंड के साथ लगातार बढ़ती गई। बैलेट पेपर की गिनती में भी भाजपा को मजबूत समर्थन मिला, जिसने शुरुआती बढ़त को निर्णायक बना दिया।