खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सख्त कार्रवाई करते हुए दो कंपनियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। उत्तर प्रदेश की VKC Nuts Private Limited और महाराष्ट्र की Chheda Specialities Foods Private Limited के खिलाफ यह कार्रवाई निरीक्षण के दौरान सामने आई गंभीर खामियों के बाद की गई है। FSSAI के मुताबिक, दोनों कंपनियों के परिसरों में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, कीट नियंत्रण और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया।
पिस्ता के स्टोरेज एरिया में मिले जिंदा कीड़े
उत्तर प्रदेश स्थित VKC Nuts के परिसर में निरीक्षण के दौरान पिस्ता के भंडारण क्षेत्र में जिंदा कीड़े पाए गए। इसके अलावा कच्चे माल के स्टोरेज एरिया की दीवारों और छतों पर बड़ी मात्रा में काली फफूंद यानी मोल्ड या फंगस दिखाई दी। इन खामियों को खाद्य सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना गया।
जंग लगी मशीनरी और गंदे कंटेनर मिले
निरीक्षण के दौरान कंपनी के प्रोसेसिंग एरिया में जंग लगी, गंदी और क्षतिग्रस्त मशीनरी का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। प्लास्टिक की ट्रे, चाकू और दूसरे कंटेनर भी पुराने, गंदे और क्षतिग्रस्त पाए गए। FSSAI के अनुसार, खाद्य पदार्थों की प्रोसेसिंग में इस तरह की स्थिति स्वच्छता मानकों के खिलाफ है।
फ्यूमिगेशन चेंबर के पास घूम रही थी छिपकली
निरीक्षण के दौरान एक जीवित छिपकली फ्यूमिगेशन चेंबर के पास जमीन पर घूमती हुई दिखाई दी। इसी क्षेत्र में अंजीर यानी फिग्स खुले क्रेट में रखे हुए थे। इसके अलावा प्रोसेसिंग एरिया में खाद्य पदार्थों पर मक्खियां बैठती हुई भी देखी गईं। अधिकारियों के मुताबिक, कंपनी की ओर से किए जा रहे कीट नियंत्रण के उपाय प्रभावी नहीं पाए गए।
महाराष्ट्र की कंपनी में सड़े कचरे के पास केले छीलते मिले कर्मचारी
FSSAI ने महाराष्ट्र की Chheda Specialities Foods Private Limited के खिलाफ भी तत्काल प्रभाव से लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की। कंपनी के निरीक्षण के दौरान कर्मचारी सड़े हुए कचरे के पास गंदे फर्श पर बैठकर केले छीलते हुए पाए गए। खाद्य पदार्थों की प्रोसेसिंग के दौरान इस तरह की स्थिति को गंभीर स्वच्छता उल्लंघन माना गया।
सुधार होने तक जारी रहेगा लाइसेंस निलंबन
FSSAI ने स्पष्ट किया है कि दोनों कंपनियों पर लगाया गया निलंबन तब तक प्रभावी रहेगा, जब तक वे जरूरी सुधारात्मक कदम नहीं उठातीं। इनमें प्रभावी स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं, कीट नियंत्रण, कचरा प्रबंधन, बुनियादी ढांचे की मरम्मत और कर्मचारियों का उचित प्रशिक्षण शामिल है।
खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन पर सख्ती
इस कार्रवाई से साफ है कि FSSAI खाद्य पदार्थों के उत्पादन और प्रसंस्करण में स्वच्छता मानकों के उल्लंघन को लेकर सख्त रुख अपना रहा है। निरीक्षण के दौरान गंभीर कमियां मिलने पर कंपनियों के लाइसेंस पर कार्रवाई की जा रही है, ताकि बाजार में पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।