कोलकाता के गड़ियाहाट इलाके स्थित कमला चटर्जी गर्ल्स हाई स्कूल में शनिवार तड़के बदमाशों ने जमकर तोड़फोड़ की। घटना सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है, जब एक समूह स्कूल परिसर में घुसकर उत्पात मचाने लगा। स्कूल प्रशासन के मुताबिक, बदमाश मुख्य गेट को पार कर अंदर दाखिल हुए और एक किराए के भवन को निशाना बनाते हुए वहां भारी नुकसान पहुंचाया। इसी भवन में प्राइमरी और सेकेंडरी कक्षाएं संचालित होती हैं।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
स्कूल परिसर में लगे CCTV कैमरों में कथित तौर पर कुछ युवकों को दीवार फांदकर अंदर घुसते और उसके बाद तोड़फोड़ करते हुए देखा गया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चिंता बढ़ गई है। स्कूल की प्रधानाध्यापिका देवयानी दास ने बताया कि सुबह स्कूल खुलने पर परिसर का नजारा पूरी तरह अस्त-व्यस्त था, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
गड़ियाहाट थाने में शिकायत, जांच शुरू
घटना के बाद गड़ियाहाट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।कोलकाता पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही जिला स्कूल निरीक्षक को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है।
सोमवार को हो सकती है अहम बैठक
शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार, सोमवार को इस मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर बैठक की जा सकती है। फिलहाल, स्कूल में हुई इस तोड़फोड़ की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।