पटना - बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी के सड़क पर नमाज को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उनके फैसले की सराहना की है। गिरिराज ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि, देश के कुछ कट्टरपंथियों ने माहौल खराब करने की कोशिश की है जो देशभर में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पढ़ रहे हैं। बीजेपी नेता ने आगे कहा कि, मैं उन सभी मुख्यमंत्रियों को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने कानून-व्यवस्था की दृष्टि से ऐसा आदेश दिया है।
हिंदुओं को चिढ़ाने के लिए बलि शुरू की गई
वहीं गौ हत्या को लेकर केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि, ईरान और अरब में क्या गौ हत्या की जाती है। हिंदुओं को चिढ़ाने के लिए बलि शुरू की गई। कहावत है कि नया मियां खूब प्याज खाता है। ये वही काम करेंगे, जिससे हिंदू चिढ़ता है। बीजेपी नेता ने आगे कहा कि, क्या कोलकाता की सड़कों पर गौ हत्या की जाए, स्वच्छता न रहे, सार्वजनिक स्थल पर ऐसा करने के लिए दबाव बनाया जाए और चुनौती दी जाए। सरकार कानून से चलती है और लोगों को कानून मानना चाहिए।
ममता बनर्जी संविधान को नहीं मानती थीं
पश्चिम बंगाल के मदरसों में वंदे मातरम लागू किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि, यह पूरे देश में लागू किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, बंगाल में पहले ममता बनर्जी मुख्यमंत्री थीं; वो न तो संविधान को मानती थीं और न ही संघीय ढांचे को मानती थीं। अगर वंदे मातरम को अनिवार्य किया गया है तो क्यों नहीं मानेंगे।
बंगाल में अब कानून का राज है
उन्होंने अपने इस बयान में आगे कहा कि, सरकारी आदेश की अवहेलना की जाएगी और सरकार से बजट लिया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि, दोगलापन नहीं चलेगा क्योंकि बंगाल में अब टीएमसी का शासन नहीं है। अब वहां कानून का राज है और भाजपा के मुख्यमंत्री सुवेंदु कानून व्यवस्था को बेहतर करने में जुटे हुए हैं।