नई दिल्ली - केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की नजर इस समय 8वें केंद्रीय वेतन आयोग पर टिकी हुई है। सभी यह जानना चाहते हैं कि नया वेतनमान कब लागू होगा और बढ़ी हुई सैलरी का लाभ आखिर कब से मिलना शुरू होगा। फिलहाल सरकार ने वेतन वृद्धि की तारीख तय नहीं की है, लेकिन आयोग की रिपोर्ट को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है।
आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया
8वें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था। आयोग का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और पेंशन व्यवस्था की समीक्षा कर नई सिफारिशें तैयार करना है। हालांकि गठन के कई महीने बाद भी कर्मचारियों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा फिटमेंट फैक्टर और संभावित वेतन वृद्धि को लेकर बनी हुई है, लेकिन इन मुद्दों पर अभी तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है।
वित्त मंत्रालय ने सदन में दी जानकारी
हाल ही में संसद के उच्च सदन राज्यसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में वित्त मंत्रालय ने बताया कि आयोग को अपना काम पूरा करने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। इस तय अवधि के अनुसार आयोग अपनी अंतिम रिपोर्ट मई 2027 के आसपास सरकार को सौंप सकता है। इसके बाद ही सरकार सिफारिशों का अध्ययन करेगी और उन्हें लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
आयोग अपने कामकाज में पूरी तरह स्वतंत्र है
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि आयोग अपने कामकाज में पूरी तरह स्वतंत्र है। आयोग किससे चर्चा कर रहा है, किन सुझावों पर विचार कर रहा है और उसकी बैठकों में क्या निर्णय लिए जा रहे हैं, इसकी नियमित जानकारी सरकार को देना अनिवार्य नहीं है। यही वजह है कि फिलहाल आयोग की आंतरिक प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
सैलरी-पेंशन पर बड़ा अपडेट, दिल्ली-चेन्नई में होगी अहम बैठक
जानकारी के अनुसार आयोग अलग-अलग क्षेत्रों के कर्मचारी संगठनों, पेंशनभोगियों और अन्य संबंधित पक्षों से सुझाव जुटा रहा है। इसी क्रम में दिल्ली, चेन्नई और पुडुचेरी में परामर्श बैठकों का अगला चरण भी आयोजित किया जाएगा। इन बैठकों में प्राप्त सुझावों को अंतिम रिपोर्ट का हिस्सा बनाया जा सकता है।
8वें वेतन आयोग पर बड़ा अपडेट, रिपोर्ट के बाद ही तय होगी नई सैलरी
फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आयोग की सिफारिशें अगले वर्ष मई 2027 तक सामने आने की संभावना है। हालांकि वेतन में कितनी बढ़ोतरी होगी, फिटमेंट फैक्टर कितना तय होगा और नई सैलरी कब से लागू होगी, इन सभी सवालों का जवाब आयोग की अंतिम रिपोर्ट और केंद्र सरकार के निर्णय के बाद ही मिल पाएगा। तब तक कर्मचारियों को आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।