नई दिल्ली - केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मोदी सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि नैनो यूरिया और नैनो डीएपी जैसे नवाचारों ने भारत को उर्वरक क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाई है। साथ ही इन उत्पादों से किसानों की लागत कम हुई है और उत्पादन क्षमता में भी सुधार आया है।
इफ्को की AGM में सहकारिता मॉडल की सराहना
सोमवार को आयोजित IFFCO की 55वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) के मौके पर बीजेपी नेता अमित शाह का लिखित संदेश साझा किया गया। केंद्रीय गृहमंत्री ने इफ्को की भूमिका की तारीफ करते हुए कहा कि संस्था देश में सहकारी आंदोलन को मजबूत करने के साथ-साथ कृषि और उर्वरक क्षेत्र के विकास में अहम योगदान दे रही है।
शाह ने डिजिटल कृषि मिशन का उल्लेख किया
अमित शाह ने कहा कि पीएम के नेतृत्व में सरकार वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ कृषि क्षेत्र में बड़े बदलाव ला रही है। उन्होंने पीएम-किसान योजना और डिजिटल कृषि मिशन जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया, जो किसानों को तकनीक और वित्तीय सहायता से जोड़ रही हैं।
इफ्को को हुआ 4,585 करोड़ रुपये का मुनाफा
इफ्को के अध्यक्ष दिलीप संघानी ने कहा कि सहकारिता, किसानों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों ने इफ्को को दुनिया की प्रमुख सहकारी संस्थाओं में शामिल किया है। उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में इफ्को ने 4,585 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। इसके साथ ही संस्था ने कर्मचारियों के लिए 490.65 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन की भी घोषणा की है। इफ्को का कहना है कि आने वाले समय में आधुनिक तकनीक और नवाचारों के जरिए किसानों को और अधिक लाभ पहुंचाने की दिशा में काम जारी रहेगा।