औद्योगिक विस्तार और Noida International Airport के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रेटर नोएडा में ‘मेगा स्किल हब’ बनाने का फैसला किया है। इस परियोजना का उद्देश्य युवाओं को इंडस्ट्री की जरूरतों के मुताबिक ट्रेनिंग देकर रोजगार से जोड़ना है। यह मेगा स्किल हब ‘हब एंड स्पोक मॉडल’ पर काम करेगा। इसके तहत एक मुख्य स्किल सेंटर बनाया जाएगा, जिससे जिले और आसपास के छोटे स्किल सेंटर जुड़े रहेंगे। यहां युवाओं को आधुनिक तकनीक और इंडस्ट्री आधारित कोर्स की ट्रेनिंग दी जाएगी।
AI, रोबोटिक्स और EV टेक्नोलॉजी पर रहेगा फोकस
उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा तेजी से IT और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का बड़ा केंद्र बन रहा है। एयरपोर्ट शुरू होने के बाद लॉजिस्टिक्स, एविएशन, हॉस्पिटैलिटी और सर्विस सेक्टर में बड़े पैमाने पर नौकरियों के अवसर पैदा होंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए स्किल हब में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, डेटा एनालिटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक व्हीकल मेंटेनेंस, सेमीकंडक्टर और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग जैसे भविष्य आधारित कोर्स शुरू किए जाएंगे।
बड़ी कंपनियों से होगा टाई-अप
सरकार की योजना बड़ी कंपनियों के साथ साझेदारी कर युवाओं को ऑन-जॉब ट्रेनिंग और प्लेसमेंट उपलब्ध कराने की है। मुख्य हब में हाईटेक लैब और एक्सपर्ट ट्रेनर होंगे, जबकि छोटे केंद्रों पर बेसिक ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद युवाओं को एडवांस ट्रेनिंग के लिए मुख्य सेंटर भेजा जाएगा। सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में 50 हजार युवाओं को ट्रेनिंग देकर रोजगार से जोड़ना है।