देशभर में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बार खतरा सिर्फ दिन की तेज गर्मी तक सीमित नहीं है, बल्कि रात का तापमान भी लोगों को राहत नहीं दे रहा। गुरुवार को देश के 35 शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा 33.7°C तापमान हनुमानगढ़ में रिकॉर्ड किया गया। देश के आधे से ज्यादा हिस्से में भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान समेत 10 राज्यों के 24 शहरों में तापमान 45°C से ऊपर पहुंच गया।
बांदा लगातार 5वें दिन सबसे गर्म शहर
बांदा 47.6°C तापमान के साथ लगातार पांचवें दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं राजनांदगांव में भी तापमान 47°C तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
यूपी में रेड अलर्ट, बिहार में स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। वहीं बिहार के पटना और गया में भीषण गर्मी को देखते हुए 22 से 26 मई तक पांचवीं कक्षा तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इधर बिहार के मधेपुरा और सहरसा में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई।
23 मई का मौसम अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार 23 मई को राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। यहां दिन के साथ रातें भी बेहद गर्म रहने की संभावना है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। वहीं असम, मेघालय, केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
24 मई को भी जारी रहेगा गर्मी का कहर
24 मई को भी बिहार, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, राजस्थान और तेलंगाना में हीटवेव जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने की चेतावनी भी जारी की है।