शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। सबसे ज्यादा असर सिरमौर जिले में देखने को मिला, जहां पांवटा साहिब में देहरादून-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो गया। ड्रेनेज व्यवस्था बाधित होने से बारिश का पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस गया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हाईवे पर जलभराव, लोगों ने किया प्रदर्शन
पांवटा साहिब में जलभराव से नाराज लोगों ने नेशनल हाईवे और नगर परिषद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बीच सड़क पर वाहन खड़े कर दिए, जिससे हाईवे के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन काफी देर तक लोगों को समझाने में मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कई जिलों में जारी बारिश
राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और शिमला के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू और सोलन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
कांगड़ा और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कांगड़ा और सिरमौर जिलों के लिए बुधवार सुबह 8 बजे तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मंगलवार दोपहर तक कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और शिमला के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
अगले छह दिन तक बारिश के आसार
आईएमडी के अनुसार प्रदेश में अगले छह दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं 5 अगस्त को कांगड़ा और मंडी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मानसून में अब तक सामान्य से 9% कम बारिश
प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान अब तक औसतन 9 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
सामान्य से कम बारिश वाले जिले
बिलासपुर – 6% कम
हमीरपुर – 42% कम
कांगड़ा – 20% कम
लाहौल-स्पीति – 50% कम
मंडी – 27% कम
सिरमौर – 10% कम
सोलन – 7% कम
सामान्य से अधिक बारिश वाले जिले
चंबा – 17% अधिक
किन्नौर – 28% अधिक
कुल्लू – 23% अधिक
शिमला – 23% अधिक
ऊना – 2% अधिक
बारिश के बाद तापमान में गिरावट
लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। सबसे अधिक गिरावट हमीरपुर के नेरी में 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा:
ऊना – 4.2°C की गिरावट (30.8°C)
बिलासपुर – 3.5°C की गिरावट (29.0°C)
मनाली – 3.2°C की गिरावट (25.0°C)