नई दिल्ली - देशभर में भीषण गर्मी और लू के बीच अब मौसम तेजी से करवट ले रहा है। मानसून आगे बढ़ रहा है और इसी के साथ भारतीय मौसम विभाग ने कई राज्यों में आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में जहां लू का असर बना रहेगा, वहीं कुछ राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इन राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, गोवा और तेलंगाना में तेज हवाओं, आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-यूपी में गर्मी बरकरार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 मई को आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन कई इलाकों में लू चल सकती है। हालांकि 25 मई को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के आसार हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 29 मई तक लू चलने की चेतावनी दी गई है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, आगरा और वाराणसी में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं मेरठ, शामली, बुलंदशहर और सहारनपुर में आंधी और बारिश की संभावना है।
बिहार, पंजाब और झारखंड में भी असर
बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अनुमान है। 25 और 26 मई को भारी बारिश हो सकती है। पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और चंडीगढ़ में फिलहाल लू का असर बना रहेगा, हालांकि 28 और 29 मई को मौसम बदल सकता है। झारखंड में भी आंधी और झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि की आशंका
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और धर्मशाला में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है। उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी अगले दो दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।