देश के कई राज्यों में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने 22 से 27 मई के बीच उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है। खासतौर पर हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में लू का प्रकोप तेज होने की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ पूर्वी राज्यों में बारिश और आंधी की संभावना भी व्यक्त की गई है।
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में गर्मी का कहर
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक हीटवेव से लेकर भीषण हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। पंजाब में भी लू चलने की संभावना है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। शनिवार को भी राजधानी में गर्मी का यही असर जारी रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में भी लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया कि 22 से 27 मई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण लू चल सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी पूरे सप्ताह गर्म हवाओं का असर बना रहने की संभावना है।
बंगाल, बिहार और ओडिशा में बारिश के आसार
भीषण गर्मी के बीच कुछ राज्यों में बारिश राहत दे सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 23, 26 और 27 मई को पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, जिनमें कोलकाता, हावड़ा, हुगली और नदिया शामिल हैं, वहां हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके अलावा बिहार के कुछ हिस्सों में 22 मई को बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं ओडिशा में 22 से 27 मई के दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
झारखंड में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी
झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 22 से 27 मई के बीच कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
खासकर 23 और 24 मई को कुछ इलाकों में तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में गर्मी और लू का प्रभाव भी बना रहेगा।
राजस्थान में तापमान 46 डिग्री के पार
राजस्थान भी इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश इलाकों में तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रह सकता है। पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव और वार्म नाइट की स्थिति बनी रहने की संभावना है। साथ ही कई इलाकों में धूलभरी हवाएं भी चल सकती हैं।