नई दिल्ली - भारत ने हरित परिवहन (ग्रीन ट्रांसपोर्ट) की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का फाइनल हाई-स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। दिल्ली-जींद रेल सेक्शन पर हुए इस ट्रायल के दौरान ट्रेन ने 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की। इस सफलता के साथ भारतीय रेलवे स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल रेल तकनीक की ओर तेजी से आगे बढ़ता नजर आ रहा है।
120 किमी/घंटा की रफ्तार पर परखी गई तकनीक
हाई-स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रेन के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की गई। इसमें ब्रेकिंग सिस्टम, इंजन की क्षमता, ट्रैक पर स्थिरता, बाइब्रेशन लेवल और समग्र प्रदर्शन का परीक्षण किया गया। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि ट्रेन निर्धारित सुरक्षा मानकों और तकनीकी क्षमताओं पर पूरी तरह खरी उतरती है।
RDSO की निगरानी में हुआ परीक्षण
पूरे ट्रायल की निगरानी भारतीय रेलवे के रिसर्च डिज़ाइन्स एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गनाइजेशन (RDSO) की तकनीकी टीम ने की। विशेषज्ञों ने ट्रेन की कार्यक्षमता, सुरक्षा और प्रदर्शन का विस्तृत मूल्यांकन किया। सफल परीक्षण के बाद इसे भारतीय रेलवे के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
ग्रीन टेक्नोलॉजी पर आधारित है हाइड्रोजन ट्रेन
हाइड्रोजन ट्रेन पूरी तरह ग्रीन टेक्नोलॉजी पर आधारित है। यह फ्यूल सेल तकनीक से संचालित होती है, जिसमें हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रासायनिक प्रक्रिया से ऊर्जा उत्पन्न होती है। इस प्रक्रिया के दौरान केवल पानी और जलवाष्प (भाप) निकलते हैं, जिससे वायु प्रदूषण नहीं होता। इसके अलावा यह ट्रेन पारंपरिक डीजल इंजनों की तुलना में बेहद कम शोर पैदा करती है, जिससे ध्वनि प्रदूषण भी नहीं होता।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम
भारतीय रेलवे का यह प्रयास कार्बन उत्सर्जन कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाइड्रोजन तकनीक भविष्य के टिकाऊ परिवहन का आधार बन सकती है। यदि यह परियोजना सफल रहती है, तो आने वाले वर्षों में देश के अन्य रेल मार्गों पर भी हाइड्रोजन ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा सकता है।
रेल परिवहन के नए युग की शुरुआत
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का सफल हाई-स्पीड ट्रायल भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और हरित ऊर्जा अपनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भारत स्वच्छ और अत्याधुनिक रेल तकनीक अपनाने वाले देशों की अग्रिम पंक्ति में भी शामिल होगा।