उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, संवेदनशील और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद की समस्या के समाधान के लिए पूरी गंभीरता से काम करेगी।
करीब 200 लोगों से मिले मुख्यमंत्री
जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से सीधे संवाद किया। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे लोगों के पास पहुंचकर उन्होंने एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्राप्त प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उन्होंने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि किसी भी समस्या को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है, सरकार हर शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई करेगी।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता का दिया भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि धन की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा। हृदय रोग से पीड़ित एक महिला को उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
भूमि कब्जा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जमीन कब्जा से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा जबरन जमीन पर कब्जा करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।