उत्तरप्रदेश में भीषण गर्मी और लू से जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार रात से मानसून पूर्वी उत्तरप्रदेश के कई जिलों में प्रवेश करेगा। इसके बाद 30 जून से अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है।
जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरे प्रदेश में सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसून पूरे उत्तरप्रदेश को कवर कर लेगा। मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम की परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। बारिश शुरू होने के बाद अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी।
35 जिलों में अभी रहेगा गर्मी और लू का असर
हालांकि, शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश के 35 जिलों में तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए लू का अलर्ट भी जारी किया है। लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।
लखीमपुर खीरी रहा सबसे गर्म जिला
शुक्रवार को लखीमपुर खीरी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद बांदा में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू का प्रभाव समाप्त हो जाएगा और मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।