नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार को उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक कई राज्यों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। तेलंगाना में लू की चपेट में आने से 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है।
तेलंगाना में गर्मी से 16 लोगों की मौत
तेलंगाना के राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि राज्य के सात जिलों में हीटवेव के कारण 16 लोगों की जान चली गई। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
दिल्ली-NCR में 45 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है।
पंजाब-हरियाणा में भी लू का असर
हरियाणा के रोहतक में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पंजाब के बठिंडा में पारा 43.8 डिग्री तक पहुंच गया। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने सभी सरकारी अस्पतालों को हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
राजस्थान और झारखंड में भी अलर्ट
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं झारखंड के गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है। धनबाद समेत कई जिलों में बारिश और गरज के साथ तूफान की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश में लू और बारिश दोनों का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 26 और 27 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में लू चलने की संभावना है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में बारिश और आंधी की भी चेतावनी दी गई है।