नई दिल्ली। देशभर में मानसून का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। झारखंड और उत्तर प्रदेश में बारिश और आकाशीय बिजली से 17 लोगों की मौत हो गई है, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भूस्खलन से 300 से अधिक सड़कें बंद हैं। उधर, केरल में 1 अगस्त से जारी भारी बारिश और बाढ़ के चलते अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है और 4 लोग लापता हैं। कई राज्यों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
झारखंड में बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत
झारखंड में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। सबसे अधिक 9 मौतें गिरिडीह, 3 दुमका और 2 लातेहार जिले में दर्ज की गईं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।
यूपी में बारिश और बिजली गिरने से 3 की मौत
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में दो बच्चों की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई, जबकि एक 25 वर्षीय युवक की जान आकाशीय बिजली गिरने से चली गई। बिजनौर और फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे 40 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। कई स्थानों पर हाईवे पर पानी भर गया, जबकि शामली में तेज बहाव में एक कार बह गई और अंडरपास में फंसी स्कूल बस को ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया।
केरल में बाढ़ से हालात गंभीर
केरल में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ से अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4 लोग लापता हैं। राज्य सरकार के अनुसार 18 हजार से अधिक लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है। पथनमथिट्टा, कोट्टायम और अलप्पुझा जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं।
हिमाचल-उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से सड़कें बंद
लगातार बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में 160 से अधिक सड़कें, 190 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 58 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर भूस्खलन के चलते यातायात करीब दो घंटे तक बाधित रहा। वहीं उत्तराखंड में भी 100 से अधिक सड़कें बंद हैं। देहरादून और बागेश्वर में भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
पंजाब-चंडीगढ़ में भी भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ में 5 और 6 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटों में पटियाला में सबसे अधिक 143 मिमी वर्षा दर्ज की गई। विभाग के अनुसार 7 अगस्त से भारी बारिश में कुछ राहत मिलने की संभावना है।