नई दिल्ली:देशभर में भीषण गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। AQI वेदर के मुताबिक शुक्रवार दोपहर 3 बजे दुनिया के 22 सबसे गर्म शहर भारत में रिकॉर्ड किए गए, जिनमें 13 शहर अकेले उत्तर प्रदेश के हैं। कई राज्यों में दिन के साथ अब रातें भी तपने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं।
यूपी के शहर सबसे ज्यादा गर्म
उत्तर प्रदेश के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज समेत 10 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। बांदा लगातार पांचवें दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रयागराज में 46.6°C, वाराणसी में 45.6°C और हमीरपुर-सुल्तानपुर में 45.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
रात में भी नहीं मिल रही राहत
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक देश के 35 शहरों में गुरुवार रात तापमान 30°C से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रात में भी गर्म हवाएं चलने और तापमान ऊंचा रहने से लोगों को पर्याप्त राहत नहीं मिल पा रही है। यही वजह है कि “गर्म रातें” अब स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही हैं।
बिहार में स्कूल बंद, बिजली गिरने से मौतें
भीषण गर्मी को देखते हुए बिहार के पटना और गया में 22 से 26 मई तक पांचवीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं मधेपुरा और सहरसा में बारिश के दौरान बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।
राजस्थान और मध्य भारत में रेड अलर्ट
23 मई को राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, तेलंगाना, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में भी लू चलने की चेतावनी है। मध्य प्रदेश के निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां तापमान 46°C तक पहुंच सकता है।
दक्षिण और पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अनुमान
जहां उत्तर और मध्य भारत गर्मी से झुलस रहा है, वहीं केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है।