नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात और केरल तक लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कहीं बादल फटने से अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बन गई तो कहीं भूस्खलन ने लोगों की जान ले ली। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, नदियां उफान पर हैं और प्रशासन को राहत एवं बचाव अभियान तेज करना पड़ा है।
किश्तवाड़ में बादल फटने से फ्लैश फ्लड
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में शनिवार को बादल फटने की घटना के बाद अचानक आई फ्लैश फ्लड ने कई इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज बहाव के कारण कई घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय प्रशासन और राहत दलों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर हालात का जायजा लिया और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर किश्तवाड़, डोडा और रामबन जिलों में स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से नदी-नालों तथा संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।
केरल में भारी बारिश के बाद भूस्खलन
दक्षिण भारत में भी मानसून का असर लगातार बना हुआ है। केरल के कोच्चि सहित कई दक्षिणी जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान लगभग 361 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार हुई तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं।
भूस्खलन की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई इलाकों में मकानों और सड़कों को नुकसान पहुंचा है। राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान चला रहे हैं और प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा है।
गुजरात में रिकॉर्ड बारिश, हजारों लोगों को सुरक्षित निकाला गया
गुजरात के सूरत, मोरबी और आसपास के कई जिलों में शनिवार को हुई भारी बारिश ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिसके चलते प्रशासन ने बड़े पैमाने पर राहत अभियान चलाया।राज्य में करीब 27 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि 53 लोगों का रेस्क्यू किया गया। सूरत के अंबिका तालुका में पिछले 24 घंटे के दौरान 611 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो अत्यधिक वर्षा की श्रेणी में आती है। लगातार बारिश के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात भी प्रभावित हुआ।
अरुणाचल प्रदेश के लिए भी मौसम विभाग का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि रविवार से अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी और तूफान की संभावना है। विभाग ने स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां पूरी रखने की सलाह दी है।
राहत और बचाव कार्य जारी
बारिश से प्रभावित राज्यों में स्थानीय प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन बल और अन्य एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की आशंका वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें। वहीं, भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के पास जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।