नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियों ने तबाही मचा दी है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और बिहार समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कहीं पेड़ उखड़ गए तो कहीं निर्माणाधीन ढांचे ढह गए। इस बीच मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है और मौसम विभाग ने 25 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
यूपी-एमपी में आंधी से भारी नुकसान
उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में तेज आंधी ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। नोएडा में करीब 400 पेड़ उखड़ गए, जबकि भोपाल में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के कारण 80 से अधिक पेड़ धराशायी हो गए। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति और यातायात भी प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी दी है।
हरियाणा में क्रेन हादसा, 3 मजदूरों की मौत
फरीदाबाद में फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज हवा और खराब मौसम के बीच एक भारी क्रेन कंटेनर पर पलट गई, जिससे तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान और बिहार में भी मौसम बना आफत
राजस्थान के कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। श्रीगंगानगर में ओले गिरे जबकि भरतपुर में आंधी के चलते एक मकान की दीवार गिरने से महिला की मौत हो गई। वहीं बिहार के भागलपुर में वज्रपात की चपेट में आने से मां-बेटी की जान चली गई। कई इलाकों में फसल और संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है।
उड़ानों पर पड़ा असर, कई फ्लाइट डायवर्ट
खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। जयपुर एयरपोर्ट पर दिल्ली से आने वाली चार उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। वहीं दिल्ली-एनसीआर में भी खराब मौसम के चलते 11 फ्लाइट्स को दूसरे एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया। यात्रियों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
केरल में मानसून की एंट्री, राहत की उम्मीद
भीषण गर्मी के बीच मानसून ने आखिरकार केरल में दस्तक दे दी है। इसके साथ ही दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में मानसून कर्नाटक, तमिलनाडु, गोवा और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ेगा। उत्तर प्रदेश में मानसून 18 जून के आसपास प्रवेश कर सकता है और 22 जून तक लखनऊ पहुंचने की संभावना है।
25 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों समेत 25 राज्यों में बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।