श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार को गांदरबल और शोपियां में तीन स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं सामने आईं, जबकि रियासी जिले में भूस्खलन की चपेट में आने से एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मौसम विभाग ने 5 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
गांदरबल में बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात
गांदरबल जिले के सफापोरा में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ से सड़कें, गलियां और बाग पानी में डूब गए। कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं सोनमर्ग के सरबल क्षेत्र में भी बादल फटा, लेकिन वहां आबादी नहीं होने के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
शोपियां के जंगल में भी फटा बादल
शोपियां जिले के हीरपोरा के जंगल क्षेत्र में भी देर शाम बादल फटने की घटना हुई। यह इलाका आबादी से दूर होने के कारण बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना के समय एक व्यक्ति अपने घोड़े के साथ वहां से गुजर रहा था, हालांकि उसके सुरक्षित होने की जानकारी मिली है।
रियासी में भूस्खलन, बुजुर्ग की मौत
लगातार बारिश के चलते रियासी जिले के माहौर तहसील स्थित ब्रांदावली क्षेत्र में भूस्खलन हुआ, जिसमें 65 वर्षीय बशीर अहमद की मलबे में दबकर मौत हो गई। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
सड़कें बंद, यात्रा प्रभावित
कटड़ा-रियासी मार्ग पर एशिया चौक से बालनी पुल तक सड़क भूस्खलन के कारण बंद कर दी गई है। प्रशासन ने शिवखोड़ी और रियासी जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। वहीं जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरम्मत के बाद एकतरफा यातायात बहाल किया गया है। भारी बारिश के कारण हेलिकॉप्टर सेवा भी सीमित समय के लिए ही संचालित हो सकी।
5 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में 5 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।