जम्मू-कश्मीर - लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर शुक्रवार को आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। यह फैसला नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के अनुरोध पर लिया गया है, ताकि हाईवे पर गिरे मलबे और चट्टानों को हटाने के साथ सड़क चौड़ीकरण का काम सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके। हालांकि, श्री अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू से रवाना होने वाले श्रद्धालुओं के काफिले को विशेष अनुमति दी गई है।
मरम्मत और सुरक्षा कार्य के लिए बंद रहेगा हाईवे
प्रशासन के अनुसार उधमपुर से बनिहाल के बीच लगातार भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में सड़क मरम्मत और चौड़ीकरण के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना से बचने के लिए शुक्रवार को पूरे दिन छोटे और बड़े सभी निजी एवं व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
इन इलाकों में होगा विशेष कार्य
अधिकारियों ने बताया कि लद्दा, समरोली, गांगरू और किश्तवाड़ी पत्थर क्षेत्र में मलबा हटाने, ढीली चट्टानों को हटाने और सड़क चौड़ी करने का काम किया जाएगा। इसके अलावा नवयुग टनल के आसपास भी सुरक्षा कारणों से ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा।
अमरनाथ यात्रियों को मिलेगी विशेष छूट
जम्मू के भगवतीनगर आधार शिविर से रवाना होने वाला अमरनाथ यात्रा का जत्था निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के बीच कश्मीर की ओर जा सकेगा। लेकिन बालटाल से जम्मू लौटने वाले श्रद्धालुओं को फिलहाल यात्रा की अनुमति नहीं होगी और उन्हें वहीं रुकना पड़ेगा।फिलहाल अमरनाथ यात्रा केवल बालटाल मार्ग से संचालित हो रही है, जबकि पहलगाम मार्ग पहले से बंद है।
प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की अपील
उधमपुर और रामबन जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हाईवे बंद रहने के दौरान यात्रा की योजना न बनाएं। ट्रैफिक पुलिस ने भी यात्रियों को सलाह दी है कि सड़क खुलने की आधिकारिक सूचना मिलने के बाद ही सफर शुरू करें।