कोलकाता/सॉल्टलेक: पश्चिम बंगाल में बीजेपी के साप्ताहिक ‘जनता दरबार’ में सोमवार को कई अहम मुद्दे उठे। एक ओर 26 हजार ‘योग्य’ नौकरी गंवाने वाले शिक्षकों के प्रतिनिधियों ने योग्यता के आधार पर नौकरी वापस देने की मांग की, तो दूसरी ओर भवानीपुर के 81 वर्षीय बुजुर्ग ने जमीन देने के बावजूद फ्लैट न मिलने की शिकायत लेकर नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के पास पहुंचे।
सॉल्टलेक बीजेपी दफ्तर में लगा ‘जनता दरबार’
सोमवार सुबह 9 बजे से सॉल्टलेक स्थित बीजेपी कार्यालय में आयोजित ‘जनता दरबार’ में शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। अलग-अलग पेशों और वर्गों के लोगों ने अपनी शिकायतें और मांगें उनके सामने रखीं।
26 हजार ‘योग्य’ नौकरी गंवाने वालों की नौकरी बहाली की मांग
स्कूल भर्ती मामले में नौकरी गंवाने वाले 26 हजार शिक्षकों में खुद को ‘योग्य’ बताने वाले प्रतिनिधियों ने जनता दरबार में पहुंचकर योग्यता के आधार पर नौकरी वापस देने की अपील की। उनका कहना है कि योग्य उम्मीदवारों को राहत मिलनी चाहिए और उनकी नौकरी बहाल की जाए।
‘जमीन दी, लेकिन फ्लैट नहीं मिला’— बुजुर्ग का आरोप
भवानीपुर के 81 वर्षीय प्रवीर मुखोपाध्याय ने जनता दरबार में आरोप लगाया कि जय कामदार और सोना पप्पू ने उनके साथ धोखाधड़ी की। प्रवीर का दावा है कि उन्होंने अपनी पैतृक जमीन प्रमोटिंग के लिए दी थी, लेकिन निर्माण होने के बावजूद उन्हें वादा किया गया फ्लैट नहीं मिला।
फ्लैट के बदले मांगे गए 17 लाख रुपये?
बुजुर्ग का आरोप है कि गिरफ्तारी से पहले जय कामदार ने फ्लैट देने का आश्वासन जरूर दिया था, लेकिन इसके बदले 17 लाख रुपये की मांग की गई। फिलहाल प्रवीर अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं।
शुभेंदु से मुलाकात के बाद मिली उम्मीद
हालांकि शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद प्रवीर मुखोपाध्याय ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें आश्वासन मिला है और उनकी समस्या के समाधान का भरोसा दिया गया है। बुजुर्ग ने उम्मीद जताई कि अब उन्हें न्याय मिलेगा।