फरीदाबाद के पनहेड़ा खुर्द गांव के पास जेवर एयरपोर्ट से जुड़े फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया।गार्डर उठाने के दौरान एक भारी क्रेन अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे मौके पर काम कर रहे कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
जेवर एयरपोर्ट फ्लाईओवर निर्माण में बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम को हुई तेज बारिश के कारण साइट पर कीचड़ और फिसलन हो गई थी। बारिश रुकने के बाद मजदूर दोबारा काम में जुटे थे, तभी गार्डर उठाते समय क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर गिर गई। उस समय करीब 6 से 7 मजदूर मौके पर मौजूद थे, जिनमें से कुछ के दबने की आशंका जताई जा रही है।
फरीदाबाद में क्रेन पलटने से कई मजदूर दबे, राहत-बचाव कार्य जारी
सूचना मिलते ही पुलिस, निर्माण कंपनी के अधिकारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। क्रेन के नीचे फंसे मजदूरों को निकालकर नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के कारण जमीन नरम हो गई थी, जिससे क्रेन का संतुलन बिगड़ गया। हालांकि कुछ मजदूरों की स्थिति को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है।पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और सभी मजदूरों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही नुकसान का सही आंकलन किया जा सकेगा।