रांची: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन मंगलवार को 18वें दिन भी जारी है। आंदोलन के समर्थन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने आज विधानसभा मार्च का ऐलान किया है। वहीं, सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने झारखंड बंद बुलाया है। सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच कई बार झड़प हुई। इस दौरान वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें 100 से ज्यादा छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
आज ABVP का विधानसभा मार्च
छात्र आंदोलन के समर्थन में ABVP के कार्यकर्ता मंगलवार को विधानसभा मार्च निकालेंगे। संगठन की ओर से छात्रों की मांगों और सोमवार को हुए लाठीचार्ज का विरोध किया जा रहा है। वहीं भाजपा ने भी छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में झारखंड बंद का आह्वान किया है।
सोमवार को विधानसभा तक पहुंच गए थे छात्र
सोमवार को हजारों प्रदर्शनकारी छात्र विधानसभा घेराव के लिए निकले थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की थी, लेकिन छात्र एक के बाद एक कई बैरिकेड तोड़ते हुए विधानसभा गेट के करीब पहुंच गए। जगन्नाथपुर मंदिर के पास प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद भी छात्र पीछे नहीं हटे। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी खेतों और कच्चे रास्तों से होते हुए विधानसभा गेट नंबर-1 से करीब 100 मीटर पहले तक पहुंच गए और वहीं नारेबाजी शुरू कर दी।
आंसू गैस के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज
प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पत्थर, चप्पल-जूते और पानी की बोतलें फेंके जाने की बात सामने आई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। सोमवार को पुलिस और छात्रों के बीच कई बार तनाव की स्थिति बनी। प्रशासन को दो से तीन बार लाठीचार्ज करना पड़ा। रात में भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच फिर विवाद हुआ और लाठीचार्ज की कार्रवाई की गई। प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि इस दौरान छात्राओं के साथ भी मारपीट हुई।
करीब 130 लोगों के घायल होने की जानकारी
विधानसभा घेराव के दौरान हुए हंगामे में करीब 130 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के प्रतिनिधियों के मुताबिक उनके करीब 80 छात्र-छात्राओं को चोटें आई हैं। न्याय मंच से जुड़े 20 से अधिक छात्रों के घायल होने की बात कही गई है। कई छात्रों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी है। सदर अस्पताल में गंभीर हालत में पहुंचे 10 छात्रों में से तीन को भर्ती किया गया है।
14 पुलिसकर्मी भी घायल
हंगामे में रांची पुलिस के करीब 14 जवानों के घायल होने की भी जानकारी है। इनमें पुलिसकर्मी अंजनी यादव को गंभीर हालत में धुर्वा स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं 12 पुलिसकर्मियों को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी
आंदोलन के दौरान छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की भी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस प्रशासन ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। इससे पहले देवेंद्र नाथ महतो समेत छह छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हुए थे। वे एंबुलेंस से विधानसभा घेराव में शामिल होने पहुंचे थे।
छह लेयर की सुरक्षा, CCTV से निगरानी
विधानसभा घेराव को देखते हुए पुलिस ने इलाके में छह लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की थी। कई जगह कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग की गई थी। पूरे इलाके में CCTV कैमरों से निगरानी रखी गई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस बल के साथ वाटर कैनन और अन्य सुरक्षा इंतजाम भी किए गए थे।
JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांगते गिरफ्तार
इधर, JPSC मामले में CID ने आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांगते को गिरफ्तार किया है। 21 जुलाई को JPSC कार्यालय में छापेमारी के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद CID उनसे लगातार पूछताछ कर रही थी।
परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े छात्र
JPSC और JSSC परीक्षाओं को लेकर छात्र लगातार जांच और परीक्षा रद्द करने समेत अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।