1 जून 2026 से आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई बड़े नियम बदलने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर बैंकिंग, यूपीआई पेमेंट, एटीएम ट्रांजेक्शन, पीएफ निकासी और गैस सिलेंडर की कीमतों तक देखने को मिलेगा। इसके अलावा रेलवे ने भी कई ट्रेनों को रद्द करने और रूट डायवर्ट करने का फैसला लिया है। ऐसे में जून महीने की शुरुआत से पहले इन बदलावों के बारे में जानना आपके लिए जरूरी है।
UPI ट्रांजेक्शन से जुड़ा नया नियम
1 जून से यूपीआई पेमेंट करते समय स्क्रीन पर सामने वाले व्यक्ति का बैंक में रजिस्टर्ड असली नाम दिखाई देगा। यानी अब सिर्फ मोबाइल नंबर या क्यूआर कोड के आधार पर पैसे भेजने की जगह यूजर पहले नाम देखकर पुष्टि कर सकेगा। NPCI का मानना है कि इस कदम से ऑनलाइन फ्रॉड और गलत खाते में पैसे ट्रांसफर होने की घटनाओं में कमी आएगी। क्यूआर कोड स्कैन करते ही या नंबर डालते ही सही व्यक्ति की पहचान स्क्रीन पर नजर आएगी।
ATM ट्रांजेक्शन हो सकते हैं महंगे
जून महीने से कई बैंक एटीएम ट्रांजेक्शन चार्ज में बदलाव कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक कैश निकालने, बैलेंस चेक करने और मिनी स्टेटमेंट निकालने जैसी सुविधाओं पर अतिरिक्त शुल्क लग सकता है। हालांकि सभी बैंकों की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन ग्राहकों को नए चार्जेज का असर देखने को मिल सकता है।
LPG, CNG और PNG के दाम बदल सकते हैं
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां एलपीजी, सीएनजी और पीएनजी की नई कीमतें जारी करती हैं। ऐसे में 1 जून को भी गैस सिलेंडर और ईंधन की कीमतों में बदलाव संभव है। कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति को देखते हुए घरेलू गैस कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।
PF निकासी का तरीका बदल सकता है
ईपीएफओ जून महीने में कर्मचारियों के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू कर सकता है। माना जा रहा है कि अब पीएफ का पैसा यूपीआई के जरिए निकालने की सुविधा लागू हो सकती है। इसके लिए टेस्टिंग का काम लगभग पूरा हो चुका है। अगर यह सुविधा शुरू होती है तो कर्मचारियों को PF निकालने के लिए लंबी प्रक्रिया से राहत मिलेगी और पैसा सीधे डिजिटल माध्यम से मिल सकेगा।
कई ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे ट्रैक अपग्रेडेशन और मेंटेनेंस कार्य के चलते जून महीने में करीब 77 ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसके अलावा कई ट्रेनों के रूट भी डायवर्ट किए गए हैं। इसका सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और गुजरात के यात्रियों पर पड़ सकता है। यात्रा करने से पहले यात्रियों को रेलवे की आधिकारिक जानकारी जरूर चेक करने की सलाह दी गई है।
आम लोगों पर क्या होगा असर?
जून से लागू होने वाले ये नए नियम सीधे तौर पर आम लोगों के खर्च और सुविधाओं को प्रभावित करेंगे। जहां UPI और PF से जुड़े बदलाव डिजिटल सुविधा बढ़ाएंगे, वहीं ATM और गैस कीमतों में संभावित बढ़ोतरी लोगों की जेब पर असर डाल सकती है।