नई दिल्ली: देशभर में दहेज प्रथा (Dowry) जैसी सामाजिक बुराई एक बार फिर तेजी से सिर उठा रही है। पिछले कुछ दिनों में कई पढ़ी-लिखी और युवा महिलाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। कहीं रिटायर्ड जज के परिवार में ब्याही गई आईटी प्रोफेशनल फंदे से लटकी मिल रही है, तो कहीं करोड़ों रुपये की शाही शादी के बाद भी बहू को छत से नीचे फेंक दिया जा रहा है। इन तमाम घटनाओं के पीछे ससुराल पक्ष द्वारा लगातार किया जा रहा दहेज उत्पीड़न सामने आया है।
इस सामाजिक गिरावट और दर्दनाक माहौल के बीच, अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने देश की युवा लड़कियों के नाम एक बेहद तीखा और विस्फोटक संदेश जारी किया है। कंगना ने लड़कियों से सोशल मीडिया और शादी के चकाचौंध भरे छलावे से दूर रहकर, सबसे पहले अपने करियर और आर्थिक स्वतंत्रता (Financial Independence) पर ध्यान देने की अपील की है।
"हमारा समाज लड़कियों को अकेला छोड़ देता है" — कंगना
कंगना रनौत ने अपने चिर-परिचित बेबाक अंदाज में अपने इंस्टाग्राम स्टोरिज पर एक लंबा नोट साझा किया है। देश की युवा लड़कियों को कड़वे सच का आईना दिखाते हुए कंगना ने लिखा:"हर दिन अखबारों में नवविवाहित युवतियों की मौत की इतनी दर्दनाक खबरें सामने आती हैं जो बेहद दुखद हैं। इनमें से कई लड़कियां काफी पढ़ी-लिखी होती हैं। किसी बड़ी त्रासदी के घटने से पहले वे अपने मायके और माता-पिता के सामने बार-बार रोती हैं और इस दमघोंटू माहौल से निकालने की गुहार लगाती हैं। लेकिन हमारा भारतीय समाज इतना बदनाम है कि लड़कियां एक बार शादी के बंधन में बंध जाएं, तो समाज उन्हें एक तरह से त्याग देता है, उन्हें बिल्कुल अकेला छोड़ देता है।"
"खुद की हीरो खुद बनो, कोई बचाने नहीं आएगा"
देश की युवतियों को जीवन का सबसे बड़ा सबक सिखाते हुए भाजपा सांसद ने लिखा: "मैं देश की सभी लड़कियों को एक ऐसी सलाह देना चाहती हूं जो कोई भी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, फैशन, डेटिंग, वेडिंग या मेकअप इंडस्ट्री आपको नहीं बताएगी। आपकी जिंदगी में किसी भी दूसरे इंसान से ज्यादा आपका अपना करियर महत्वपूर्ण है। आप सिर्फ और सिर्फ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और स्वावलंबी होने के बाद ही शादी के बारे में सोचें। कृपया याद रखें, आपको खुद की हीरो खुद बनना होगा। कोई आपको यहां बचाने या रेस्क्यू करने नहीं आएगा। आप किससे शादी कर रही हैं, इससे कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि आप खुद क्या कर रही हैं और समाज व जीवन में आपकी अपनी क्या पहचान है। अपनी शर्तों पर जिंदगी बनाइए, जो आप चाहती हैं बिल्कुल वैसा ही कीजिए। इस मामले में किसी और की बात सुनने की कोई जरूरत नहीं है।"
इन दो झकझोर देने वाली घटनाओं के बाद जागा कंगना का गुस्सा
कंगना रनौत के इस गुस्से और कड़ी सलाह के पीछे हाल ही में देश में घटी दो बड़ी और दिल दहला देने वाली घटनाएं हैं:
1. भोपाल: रिटायर्ड जज के घर में फंदे से लटकी मिली त्विषा (Twisha Sharma Death)
पहली घटना बीती 12 मई को मध्य प्रदेश के भोपाल (कटारा हिल्स इलाका) में घटी। नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय आईटी प्रोफेशनल त्विषा शर्मा का शव उनके पति समर्थ सिंह के घर में फंदे से लटका मिला। पति समर्थ खुद पेशे से वकील हैं और उनकी मां गिरीबाला सिंह एक रिटायर्ड जज हैं। इतने रसूखदार और शिक्षित परिवार होने के बावजूद, त्विषा के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने पति समर्थ और सास गिरीबाला सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
2. ग्रेटर नोएडा: 1 करोड़ की शादी के बाद भी दीपिका की संदिग्ध मौत
दूसरी घटना उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की है। जहां 25 वर्षीय दीपिका नागर का लहूलुहान शव उनके ससुराल की तीन मंजिला इमारत की छत से नीचे गिरने के बाद बरामद हुआ। दीपिका की शादी महज 17 महीने पहले रितिक तंवर नाम के युवक से हुई थी। लड़की के परिवार का दावा है कि उन्होंने इस भव्य शादी में करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे। लेकिन करोड़ों रुपये लुटाने के बाद भी ससुराल वालों की दहेज की भूख शांत नहीं हुई और लगातार प्रताड़ना के कारण रविवार रात दीपिका की जान चली गई।
कंगना रनौत का यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश में महिलाओं की सुरक्षा और शादी के बाद उनके अधिकारों को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। कंगना ने साफ कर दिया है कि जब तक लड़कियां खुद अपने पैरों पर खड़ी नहीं होंगी, तब तक वे इस सामाजिक कुप्रथा की वेदी पर चढ़ती रहेंगी।