कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मेरठ पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है। 29 जुलाई रात 12 बजे से 12 अगस्त तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू यातायात संचालन के लिए मेरठ पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर ली है। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग (नहर पटरी) पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
29 जुलाई से लागू होगा डायवर्जन प्लान
पुलिस के अनुसार यह व्यवस्था 29 जुलाई रात 12 बजे से 12 अगस्त तक लागू की जा सकती है। वहीं, 5 अगस्त रात से 12 अगस्त रात तक दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हरिद्वार-मुजफ्फरनगर-मेरठ दिशा में यातायात पूरी तरह बंद किया जा सकता है। कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों के रूट में भी बदलाव किया जाएगा, ताकि कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
कांवड़ियों के लिए आरक्षित होगी हाईवे की लेन
एनएच-68 पर 2 अगस्त आधी रात से हल्के और मध्यम वाहन मेरठ-मुजफ्फरनगर-हरिद्वार दिशा में बाईं लेन पर टू-वे चलेंगे। वहीं, हाईवे की दाहिनी लेन को हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों के लिए आरक्षित रखा जाएगा। इसके अलावा 30 जुलाई से 28 अगस्त तक दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर भी विशेष व्यवस्था लागू रहेगी। सावन के दौरान शुक्रवार रात से सोमवार रात 8 बजे तक दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाली हाईवे लेन सिर्फ कांवड़ियों के लिए रहेगी।
दिल्ली-एनसीआर से आने वाले वाहनों का बदलेगा रास्ता
दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा से आने वाले वाहनों को एनएच-09 से डासना इंटरचेंज होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन खेकड़ा इंटरचेंज के जरिए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से देहरादून और सहारनपुर की ओर जा सकेंगे। वहीं, दिल्ली से उत्तराखंड जाने वाले वाहन वजीराबाद पुल, आउटर रिंग रोड, कुंडली और राई होते हुए एनएच-1 से सोनीपत, पानीपत, करनाल और सहारनपुर बाईपास मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
दिल्ली से मुरादाबाद जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग
दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों को यूपी गेट-गाजीपुर बॉर्डर से डासना इंटरचेंज होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से भेजा जाएगा। इसके बाद वाहन कोट गांव, दादरी होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे के सिंभावली कट से उतरकर हापुड़-गढ़मुक्तेश्वर मार्ग से आगे बढ़ सकेंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित रूट का पालन करें और यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।